
लुधियाना.
पंजाब के कई जिलों में सोमवार को भी जहां बादल छाए रहे, वहीं कई जिलों में दिनभर तीखी धूप रही। जबकि फाजिल्का व चंडीगढ़ में वर्षा हुई। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार फाजिल्का में 12.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जबकि चंडीगढ़ में 1.8 मिलीमीटर वर्षा हुई। जबकि अन्य जिलों में मौसम साफ रहा।
इसके चलते दिन में गर्मी रही और तापमान बढ़ा। बठिंडा में दिन का तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटियाला में 32.5 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 31.6 डिग्री सेल्सियस, मोहाली में 31.4 डिग्री सेल्सियस, रूपनगर में 31.3 डिग्री सेल्सियस, फिरोजपुर में 30.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
दूसरी तरफ मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार मंगलवार और बुधवार को पंजाब के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान कई जगहों पर वर्षा के बीच ओलावृष्टि हो सकती है। जिसे लेकर विभाग ने ओरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके बाद नौ अप्रैल से मौसम साफ होने की संभावना जताई गई है।
13 जिलों में आंधी और ओलावृष्टि
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ों पर पहुंचने के बाद मौसम बदला है। लगभग सभी जिलों का मौसम इस दौरान प्रभावित होगा। 13 जिलों में ओलावृष्टि और आंधी, जबकि अन्य जिलों में सिर्फ आंधी और बिजली की संभावना है। इस दौरान नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में आंधी चलेगी। जबकि पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, बठिंडा, बरनाला, मानसा, संगरूर, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना भी है।
इस तरह की मौसम की स्थिति बनी
जम्मू-कश्मीर के आसपास एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है, जो ऊपर हवा में चक्रवात की तरह काम कर रहा है और मौसम बदल रहा है। 1.5 किमी ऊंचाई पर एक ट्रफ भी बना हुआ है, जिससे मौसम और प्रभावित हो रहा है। 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ आएगा, जिससे उत्तर-पश्चिम भारत में फिर से बारिश, आंधी और बादल बढ़ सकते हैं। इस दौरान फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। हालांकि सीएम भगवंत मान पहले कह चुके है कि मौसम खराब होने की कई जगह फसलों का नुकसान हुआ है। इसके लिए हम गिरदावरी करवाएंगे। किसानों को मुआवजा दिया जाएगा।
दो दिन इस तरह का मौसम रहेगा
मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल ने कहा कि राज्य में आज और कल कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना है। दोनों दिन 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। 7 को कई और 8 को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होगी, इसके बाद मौसम सूखा रहेगा। तापमान अगले 24 घंटे स्थिर रहेगा, फिर 48 घंटों में 4–5 डिग्री गिरावट और बाद में बढ़ोतरी होगी।











